पिछले २४ घंटे में ९८५१ नए मामले, अब तक ६३४८ की मौत

भारत में अब कोविड-१९ के मामले बहुत तेजी से बढ़ने शुरू हो गए हैं। पिछले २४ घंटे में ९८५१ नए मामले आए हैं जबकि २७३ मरीजों की जान गयी है। अब देश में कोरोना संक्रमित लोगों की अब तक की कुल संख्या २,२६,७७० हो गयी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की दी जानकारी के मुताबिक भारत में मामले बढ़ने की रफ्तार दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुँच गयी है, जो चिंता की बात है। ब्राजील अभी भी दुनिया में रोजा मामलों के मामले में सबसे आगे है जहाँ बुधवार को २७,३१२ मामले सामने आये थे जबकि अमेरिका में २०,५७८ नए मामले और रूस में ८५३६ मामले आए।   भारत में आज ९८५१ नए मामले आए हैं। भारत अमेरिका, ब्राजील, रूस, ब्रिटेन, स्पेन और इटली के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित सातवें नंबर का देश बन गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक २,२६,७७० लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से ६३४८ की जान चली गयी है। हालांकि, एक लाख 9 हजार लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। देश में पिछले २४ घंटों में २७३ लोगों की जान गयी है।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में २७१०, गुजरात ११५५, दिल्ली ६५०, मध्य प्रदेश ३७७, पश्चिम बंगाल में ३५५, उत्तर प्रदेश २४५, तमिलनाड २२०, राजस्थान २१३, तेलंगाना १०५, आंध्र प्रदेश ७१, कर्नाटक ५७, पंजाब ४७, जम्मू-कश्मीर ३५, बिहार  २९, हरियाणा २४, केरल १४, झारखंड ६, ओडिशा ७, असम ४, हिमाचल ५ और  मेघालय में एक व्यक्ति की जान गयी है।

इस बीच ८ जून से कंटेनमेंट जोन से बाहर देश के धार्मिक स्थल खोले जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अब काफी कुछ बदल जाएगा। इसके लिए नई गाइडलाइन जारी हो गई हैं। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा या चर्च में जहां भी पूजा या इबादत होगी वह नए तरीकों से होगी। अनलॉक शुरू होते ही देश में मंदिर-मस्जिद-गुरुद्वारा और गिरजाघरों के लिए नए नियम लागू होंगे। मंदिरों के अंदर अब श्रद्धालुओं को न प्रसाद मिलेगा, न चरणामृत बांटा जाएगा।