पश्चिम बंगाल में एक और भाजपा नेता की पीट-पीटकर हत्या, 12 घंटे बंद का आह्वान

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मियों की आहट आने लगी है। इस बीच,  पश्चिम बंगाल में एक और भाजपा नेता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। कूच विहार के तूफानगंज क्षेत्र में देवी काली की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हुए संघर्ष के दौरान यह घटना हुई है। भाजपा ने इस हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में भाजपा ने इलाके में 12 घंटे बंद का आह्वान किया है।
पुलिस ने बताया कि भाजपा के बूथ सचिव कलाचंद कर्माकर (55) दो क्लबों के सदस्यों के बीच हो रहे झगड़े को शांत करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान हुए उन पर हमला हुआ और वह जमीन पर गिर गए। घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। कर्माकर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उन पर लाठियों से हमला किया गया।
भाजपा नेता सौरव दास ने कहा, कूचविहार में अपना जनाधार खोने से बौखलाई तृणमूल भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करा रही है। हालांकि तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को सिरे से  खारिज कर दिया। उत्तरी बंगाल विकास मंत्री रबींद्रनाथ घोष ने कहा कि घटना स्थानीय विवाद के कारण हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाजपा इस मामले को बेवजह राजनीतिक तूल दे रही है।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी आरोप लगाया है कि कर्माकर की हत्या तृणमूल के राजनीतिक आतंकियों ने की है। उसका एकमात्र दोष यही था कि वह भाजपा का सक्रिय नेता था।