पश्चिमी यूपी में परंपरा तोड़ रिया की घुड़चढ़ी शादी ने रचा इतिहास

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में परंपरा को तोड़ते हुए पूर्व फौजी की बेटी रिया ने शादी के बंधन में बंधने के लिए घुड़चढ़ी कर नई सोच की नींव रख दी है। उसने सदियों पुरानी रिवायत को धता बताते हुए शुक्रवार को बुलंदशहर के मनीष के साथ शादी के सात फेरे लिए।

रूढि़वादी समाज का हिस्सा कहे जाने वाले बागपत के बड़ौत की रहने वाली रिया ने इसके साथ ही नया इतिहास बना दिया है। धूमधाम से हुई इस शादी में लोगों ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। बराती और घराती दोनों ने जमकर डांस किया। इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों ने रिया सिंधु और उसके परिवार के हौसले की सराहना भी की।

रिया ने सदियों पुरानी परंपरा को तोडक़र घोड़ी बग्घी में सवार होकर मंडप में पहुंची। रिया की घुड़चढ़ी में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी झूमकर नाचे। इस दौरान पूरे इलाके में जश्न का माहौल रहा। घुड़चढ़ी देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी।  आशीर्वाद देने के लिए सैकड़ों की तादाद में लोग पहुंचे। रिया की मां नीलम बोलीं, बचपन से ही रिया पढ़ाई और खेलकूद में सबसे आगे रही। रिया को हमने कभी लडक़ी की तरह नहीं समझा, हमेशा उसे लडक़े की तरह ही माना।

रिया के पिता नरेंद्र सिंधु पूर्व फौजी हैं और वो भी बेटी को अपना बेटा ही मानते हैं। रिया का भी सपना था कि वह अपनी शादी में घोड़ी पर चढक़र जाएगी। खुशी के इस ऐतिहासिक पल में लोगों के साथ रिया ने भी नृत्य किया। रिया की इस ख्वाहिश का परिजनों ने भी खयाल रखा और उसे हर तरह से सहयोग दिया। इसका साथ ससुराल पक्ष वालों ने भी दिया। लडक़ा सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।