पंजाब में कर्फ्यू पहली मई तक बढ़ाने को मंत्रिमंडल की मंजूरी, १३२ लोग संक्रमित

पंजाब मंत्रिमंडल ने सूबे में कर्फ्यू की अवधि पहली मई तक बढ़ाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला किया गया है।

चंडीगढ़ में आज पंजाब मंत्रिमंडल की मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला किया गया। सीएम ने गुरूवार को ही राज्य में लॉकडाउन की अवधि आगे बढ़ाने के संकेत दे दिए थे। सीएम ने कहा था कि १५ अप्रैल से किसानों को फसलों की कटाई के लिए लॉकडाउन में ढील दी जाएगी हालांकि इसमें सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा।

सीएम ने वीडियो लिंक के जरिये पत्रकारों को जानकारी दी कि उनकी सरकार ने पहले लॉकडाउन किया और बाद में कर्फ्यू लगाया। सिंह ने कहा – ”इसके बाद हमने  लोगों तक जरूरी वस्तुओं को पहुंचाना सुनिश्चित किया। सरकारी लोग हर मोहल्ले में पहुंचकर जरूरी चीजें लोगों तक पहुंचा रहे हैं।”

कैप्टेन ने कहा कि करीब डेढ़ लाख लोग विदेश से पंजाब में आए हैं। उनके मुताबिक इन लोगों की जांच की गयी और उन्हें आम जनता या उनके परिजनों से अलग (आईसोलेशन में) रखा गया। इनमें से ज्यादातर स्वस्थ होकर घर भेजे जा चुके हैं। सीएम ने कहा – ”प्रदेश में अब तक ११ लोगों की जान गयी है हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। कुल १३२ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि अब तक २८७७ लोगों की जांच की जा चुकी है”।