पंजाब के तरनतारन में धमाके में १५ के मरने की आशंका

पंजाब के तरनतारन में एक धमाके में कमसे कम १५ लोगों की मौत हो जाने की आशंका है। यह धमाका एक वाहन में हुआ है जिसमें श्रद्धालु बैठे थे। अभी सरकारी स्तर पर मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की गयी है।
जानकारी के मुताबिक तरनतारन में बााबा दीप सिंह के जन्म दिवस को समर्पित नगर कीर्तन के दौरान यह धमाका हुआ है। धमाका इतना जबरदस्त था कि कुछ लोगों की  मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। नगर कीर्तन में धमाके के कारण अफरा-तफरी मच गई।
धमाका कैसे हुआ अभी इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है लेकिन बताया जा रहा है पटाखों से भरी ट्राली में धमाका हुआ है। पुलिस बल के साथ-साथ आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं।
आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है। घटनास्थल को पुलिस ने चारों ओर से घेर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के बारे में कोई जानकारी दी जा सकती है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक नगर कीर्तन में आतिशबाजी के दौरान ट्रैक्टर पर रखी विस्फोटक सामग्री में आग लगने से यह धमाका हुआ। अभी घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद ही पक्के तौर पर कुछ कहा जा सकता है। कई घायलों की स्थिति अभी गंभीर बनी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।