पंजाबी गायक दिलजान की सड़क हादसे में मौत

पंजाब के मशहूर युवा गायक दिलजान की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा सोमवार देर रात करीब 2 बजे अमृतसर में जंडियाला गुरु के पास हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अकेले एसयूवी चला रहे दिलजान की गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। उनकी कार बेकाबू हो गई और जंडियाला गुरु के पास बने रोड डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि डिवाइडर को तोड़ते हुई कर कई बार पलटकर करीब एक किलोमीटर दूर जाकर गिरी। दिलजान की मौके पर ही मौत हो गई। थाना जंडियाला गुरु पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दिलजान को निकालकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पुलिस टीम को बताया कि दिलजान की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी है।

गायक दिलजान की पत्नी व बेटी विदेश में हैं, जिनको जानकारी दे दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार वाले पांच अप्रैल को अमृतसर पहुंचेंगे। पुलिस ने दिलजान के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। उनका पोस्टमार्टम उनकी पत्नी के आने के पहुंचने के बाद ही किया जाएगा।

पुलिस थाना जंडियाला गुरु के अनुसार, दिलजान अमृतसर से करतारपुर अकेले ही जा रहे थे। दिलजान की मौत की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर कई कलाकार मौके पर पहुंच गए थे। उनके निधन से पंजाबी संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। दिलजान करतारपुर के रहने वाले थे। उनका नया गीत तेरे वरगे दो अप्रैल को ही रिलीज होने वाला था। पंजाबी गायक सुखशिंदर शिंदा ने दिलजान की मौत पर दुख प्रकट किया। सोशल मीडिया पर उन्होंने दिलजान की फोटो शेयर करते हुए लिखा- ये बेहद दुखद समाचार सुबह-सुबह मिला। संगीत जगत के लिए बड़ा नुकसाान।

बता दें कि टीवी कार्यक्रम सुरक्षेत्र में इंडिया और पाकिस्तान के बीच हुए गायकी मुकाबले में दिलजान विजेता रहे थे। इसी कार्यक्रम की बदौलत उन्हें रातों-रात शोहरत हासिल हुई। उनकी गिनती देश के बेहतरीन गायकों में होती थी। उन्‍होंने कई बेहतरीन गीत गाए हैं।