नोएडा में निर्माणाधीन दीवार गिरी; 4 मजदूरों की मौत, 6 अभी मलबे में

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक निर्माणाधीन दीवार के गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गयी है। अभी भी छह मजदूर मलबे में दबे हैं जिनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना नोएडा के सेक्टर 21 की है जहाँ एक निर्माणाधीन दीवार गिरने से चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में छह अन्य मजदूर मलबे में दब गए हैं। अभी तक 12 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन के लोग घटनास्थल पर पहुँच गए। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सेक्टर 21 के बाहरी क्षेत्र में यह दीवार बन रही थी।

बचाव कार्य में बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना में लोगों की जान जाने पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने जी ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत कार्य के निर्देश जारी किये हैं।