नेहरू को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने कहा - 'हम देश के लिए उनके योगदान का स्मरण करते हैं'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित तमाम बड़े नेताओं ने सोमवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इन नेताओं ने  देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा – ”पंडित जवाहर लाल नेहरूजी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। हम देश के लिए उनके योगदान का स्मरण करते हैं।” याद रहे नेहरू को ११ बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस अध्यक्ष और संप्रग अध्यक्ष सहित अन्य कांग्रेस नेता पंडित नेहरू की शांति वन स्थित समाधि गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर याद किया। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की आज ५५वीं पुण्यतिथि है।
नेहरू का जन्म १४ नवंबर, १८८९ को इलाहाबाद में हुआ था।  सन १९४७ में भारत को आजादी मिलने पर वे स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। संसदीय सरकार की स्थापना और विदेशी मामलों पर गुटनिरपेक्ष नीतियों की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू ने ही की। वे लाल किले पर तिरंगा फहराने वाले पहले शख्स थे। २७ मई, १९६४ को  नेहरू का निधन हो गया। नेहरू के जन्मदिन पर ही दुनियाभर में बाल दिवस मनाया जाता है।