नीरव मोदी लन्दन में गिरफ्तार

पंजाब नैशनल बैंक से १३,००० करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी को लंदन में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें थोड़ी देर में अदालत में पेश किया जाएगा। भारतीय अधिकारियों को लन्दन की अदालत को यह कन्विंस करना होगा कि क्यों नीरव को भारत ले जाना ज़रूरी है। ब्रिटेन में प्रत्यार्पण का क़ानून भारत से थोड़ा भिन्न है और वहां लम्भी प्रक्रिया के बाद ही प्रत्यार्पण पर फैसला सामने आता है।
मोदी को गिरफ्तार होने के बाद करीब ३. ४५ पर वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया जाएगा। अभी तय नहीं कि उन्हें जमानत मिलेगी या नहीं। अदालत अब भारत में उसके प्रत्यर्पण को लेकर मामले की सुनवाई करेगी। चर्चा है कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से नीरव मोदी की संपत्तियों को बेचा जा सकता है।
नीरव के वकील कोशिश कर रहे हैं कि लंदन कोर्ट से आज ही उन्हें जमानत भी मिल जाए। इसके बाद आगे मामले को विजय माल्य के केस की तरह चलाया जाएगा। वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने भारत के प्रवर्तन निदेशालय की ओर से प्रत्यर्पण की अर्जी दाखिल करने के जवाब में यह अरेस्ट वॉरंट जारी किया था। इसके बाद से ही कहा जा रहा था कि नीरव मोदी को कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक कि जांच एजेंसी को हाल में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा वारंट जारी करने के बारे में सूचित किया गया था और नीरव मोदी को जल्द ही स्थानीय पुलिस (लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस) द्वारा गिरफ्तार करने की बात कही गई थी।