नीतीश के झारखंड अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल

बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के प्रमुख नीतीश कुमार को शनिवार को बड़ा झटका लगा जब झारखंड के उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उनके बहुत नजदीकी माने जाने वाले जलेश्वर महतो जेडीयू को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।
महतो शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले और पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। अभी साफ़ नहीं है कि पार्टी में उन्हें क्या पद मिलेगा। हालाँकि चर्चा है कि वे विधानसभा के चुनाव में धनबाद में बाघमारा हलके से टिकट चाहते हैं और पार्टी उन्हें टिकट दे सकती है।
कांग्रेेस में शामिल होने के वाद जलेश्वर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में ढुलू ने बाघमारा में माफियाराज कायम कर रखा है। ”इसके खात्मे के लिए मैं कांग्रेस में शामिल हुआ हूँ।” माना जाता है कि जलेश्‍वर महतो के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। हाल में पार्टी ने झारखंड के एक उपचुनाव में जीत हासिल की थी।
महतो ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी में नयी उर्जा दिख रही है। ”कांग्रेस के बदले तेवर भी जनता को भा रहे हैं।” झारखंड में भाजपा और जेडीयू में गठबंधन है। राहुल गांधी ने जलेश्‍वर महतो को कांग्रेस में शामिल कराया और इस दौरान कांग्रेस नेता निर्मल सिं‍ह, राजेश ठाकुर, आरपीएन सिंह भी उपस्थित थे।