निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस छोड़ा, बाइडन का शपथ ग्रहण होगा कुछ घंटे में

अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चार साल राष्ट्रपति के रूप में रहने के बाद बुधवार शाम 6.43 बजे (भारतीय समय) व्हाइट हाउस छोड़ दिया। वे नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं होंगे। ट्रंप के साथ मेलानिया ट्रम्प भी थीं। वे एक हेलीकॉप्टर के जरिये एयरपोर्ट पहुंचे जहाँ से वे फ्लोरिडा के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट पर ट्रम्प और मेलानिया ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा – ‘गॉड ब्लेस यू, गॉड ब्लेस दिस ब्यूटीफुल नेशन।’

आम तौर पर निवर्तमान राष्ट्रपति नए राष्ट्रपति की आगवानी व्हाइट हाउस में करते हैं, लेकिन ट्रम्प ने ऐसा करने से मना कर दिया। चार घंटे के भीतर व्हाइट हाउस को नए राष्ट्रपति के लिए तैयार कर दिया जाएगा।

ट्रम्प का स्टाफ उनकी विदाई के लिए वाईट हाउस के परिसर में उपस्थित था। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने अपने विदाई भाषण में देश को सुरक्षित रखने और समृद्ध बनाने में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के सफल रहने की प्रार्थना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। हालांकि, अभी तक ट्रंप ने सीधे तौर पर बाइडेन को बधाई नहीं दी है। जो बाइडेन आज यानी बुधवार को अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने वाले हैं, लेकिन ट्रम्प इसमें शामिल नहीं होंगे।

इस बीच यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि ट्रंप अब अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर सकते हैं लेकिन इसको लेकर शंका इसलिए है क्योंकि अब उनकी ही पार्टी के नेता उनके समर्थन में नहीं हैं। उन्होंने कहा ‘इस हफ्ते हमने एक नए प्रशासन का आरंभ किया है। अमेरिका को सुरक्षित रखने और समृद्ध बनाने के लिए उनकी (बाइडन प्रशासन की) सफलता की कामना करता हूं। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और चाहते हैं कि वे सौभाग्यशाली रहें।’

अपने संदेश में ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पद पर सेवाएं देना एक ऐसा सम्मान है जिसकी व्याख्या नहीं की जा सकती। ट्रंप ने कहा, ‘इस अभूतपूर्व विशेषाधिकार के लिए आपका शुक्रिया। यह वास्तव में यही है – ‘एक विशेषाधिकार और एक बड़ा सम्मान।’

संभावना है कि फ्लोरिडा में पाम बीच तट के पास स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट को व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद अपना स्थायी आवास बनाएंगे। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई है।