नांदेड़ में साधू, सेवादार की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक साधु की हत्या सहित दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसने शनिवार देर रात इन कृत्य किया। साधू और आरोपी एक ही समुदाय के हैं। आरोपी का आपराधिक रेकार्ड बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक घटना नांदेड़ के उमरी ताल्लुका की है। बीती रात लिंगायत समाज के एक साधु और उनके सेवक की हत्या के दी गयी। साधु पशुपति महाराज का शव आश्रम में मिला जबकि उनके सेवादार भगवान राम शिंदे का शव आश्रम से कुछ दूर पर पड़ा मिला। हत्यारोपी की पहचान साईनाथ लिंगाडे के रूप में हुई है, जिसे तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पशुपति महाराज नांदेड के आश्रम में रहते थे। सुबह  शिष्यों ने उन्हें आश्रम में मृत पाया तो पुलिस को खबर की। पुलिस को जांच के दौरान ही जानकारी मिली कि आश्रम की सेवा करने वाले एक सेवादार भगवान राम शिंदे का शव गांव में आश्रम से कुछ ही दूरी पर मिला है।

जांच से जाहिर हुआ है कि हत्यारोपी साईनाथ रात के समय आश्रम में दाखिल हुआ था। हत्या करने के बाद वह साधु का शव साथ ले जाना चाहता था और जैसे ही साईनाथ साधु पशुपति महाराज का शव कार में रखकर बाहर निकलने लगा तभी उसकी कार दरवाजे में फंस गई। शोर सुनकर छत पर सो रहे दो सेवादार जाग गए।  उन्होंने साईनाथ को रोकने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला। पुलिस ने आरोपी साईनाथ को तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया है।