नवीन पटनायक पांचवीं बार बने सीएम

ओडिशा में २० मंत्रियों ने भी ली शपथ

नवीन पटनायक बुधवार को लगातार पांचवीं बार ओडिशा के मुख्यमंत्री बन गए।
भुवनेश्वर में एक सार्वजनिक समारोह में  मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने उन्हें और २० मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सीएम सहित सरकार में मंत्रियों की संख्या २१ है।
पटनायक लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री बने हैं जिससे सूबे में उनकी लोकप्रियता का पता चलता है। उनके २० मंत्रियों में से करीब आधे पहली बार मंत्री बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले, ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने मंगलवार की शाम को पटनायक की सिफारिश पर ११ केबिनेट और नौ राज्य मंत्रियों की नियुक्ति की।  पटनायक से पहले मात्र दो मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल में ज्योति बसु और सिक्किम में पवन चामलिंग लगातार पांच बार मुख्यमंत्री रहे। हिमाचल में वीरभद्र सिंह भी पांच बार सीएम बने हैं हालाँकि वे लगातार सीएम नहीं रहे। चुनाव से पहले यह कयास लग रहे थे कि भाजपा के बढ़ते प्रभाव के चलते ओडिशा में बंटा जनादेश आ सकता है लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बीजेडी ने नवीन पटनायल की लोकप्रियता के बूते ११२ सीटों पर जीत दर्ज की। याद रहे २०१४ में पटनायक की पार्टी ने ११७ सीटें जीती थीं लिहाजा उसकी लोकप्रियता में कोइ ख़ास फर्क नहीं दिखा है।
शपथ ग्रहण समारोह में नवीन पटनायक की बहन और जानी मानी लेखिका गीता मेहता भी उपस्थित थीं। केबिनेट मंत्रियों में झारसुगुडा के विधायक नबा किशोर दास और तितलागढ़ के विधायक टुकुनी साहू भी हैं जो नए चेहरे हैं। नौ राज्य मंत्रियों में भी अशोक पांडा को छोड़ अन्य सभी नए हैं।