नए साल पर शिमला पुररौनक़

फोटो - वासु अहलूवालिया
नए साल पर हिमाचल की राजधानी शिमला पुररौनक़ है। देश के हर कोने से आये हज़ारों सैलानी यहाँ पहुंचे हैं। नववर्ष की पूर्व संध्या पर रिज सैलानियों से भरी रही और १२ बजते ही ”हैप्पी न्यू ईयर” फ़िज़ां में गूँज उठा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्नी के साथ रिज पर पहुंचकर लोगों को नववर्ष की शुभकामनायें दीं।
”क्वीन आफ हिल्स” के नाम से मशहूर शिमला में होटल भरे पड़े हैं और रिज से लेकर माल रोड, लक्कर बाज़ार तक भीड़ ही भीड़ है। मंगलवार  को आसमान में घने बादल छाने के बाद यहाँ पहुंचे सैलानी बर्फबारी की दुआ कर रहे हैं। शिमला की बात करें तो यहां पर्यटकों का आना जारी है। नए साल की पूर्व संध्या तक करीब पांच हजार वाहन बाहरी राज्यों से शिमला पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक शिमला से लेकर नारंकड़ा तक होटल फुल चल रहे हैं।  शिमला में नए साल से पहले ही तीन हजार गाड़ियों की अतिरिक्त पार्किंग की व्यबस्था की गयी थी।
विवाहित जोड़े भी बड़ी संख्या में यहाँ आये हैं। वडोदरा से आये राहुल-कुसुम ने कहा कि शिमला बहुत सुन्दर है। ”यहाँ आकर अच्छा लगा। काश बर्फ पड़  जाये तो देखकर जाए।” इसी तरह परमेश-स्मृति, जो पुणे से आये हैं, ने कहा कि शिमला जन्नत सा लगता है। यहाँ की ख़ूबसूरती से अभिभूत स्मृति ने कहा – ”काश हमारा जन्म यही होता।”
मनाली, कुल्लू, कसोल, मणिकर्ण भी सैंकड़ों सैलानी पहुंचे हैं। होटल कारोबारियों ने पर्यटकों के लिए खास प्रबंध किए हैं। चंबा के पहाड़ी स्थलों पर बर्फबारी के बीच नव वर्ष मनाने का क्रेज़ साल दर साल बढ़ा है। पड़ोसी राज्यों के हजारों पर्यटक डलहौजी और ”मिनी स्विट्ज़रलैंड” खजियार पहुंचे हैं। नौहराधार, हरिपुरधार, शिलाई व राजगढ़ आदि इलाकों में भी बड़े पैमाने पर सैलानी पहुंचे हैं।
सरकारी रेकार्ड के मुताबिक हिमाचल में २०१६ दिसंबर में  १०२८२३२ सैलानी  पहुंचे। इनमें १७८२४ विदेशी थे। शिमला में २६९६०६ देशी-विदेशी सैलानी वादियों का लुत्फ़ उठाने पहुंचे। चम्बा में १११३८० सैलानी, कुल्लू में १००९६८,  सोलन और सिरमौर में १६६१०८ (कुल) सैलानी आये। इसी तरह साल २०१७ में १०३१०३७ सैलानी हिमाचल पहुंचे। शिमला में २०८७११, चंबा में ११२१८०, कुल्लू में  ११५४०८, सिरमौर-सोलन में १७४४१२ (कुल) सैलानियों वादियों में घूमने आये।
”तहलका” की तरफ से आप सभी को नववर्ष की ढेरों शुभकामनायें।