प्रधानमंत्री मोदी ने लॉन्च किया एम-योगा ऐप

देश समेत दुनियाभर में सोमवार को 7वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘योगा एन इंडियन हेरिटेज’ कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर किया गया।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल समेत संस्कृति मंत्रालय के कुल 20 अधिकारियों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया। कोरोना के चलते इस आयोजन में कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया।

योग दिवस के मौके पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे 75 ऐतिहासिक स्थानों पर ‘योगा एन इंडियन हेरिटेज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने एम-योगा ऐप को लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि अब विश्व को एम-योगा ऐप की शक्ति मिलने जा रही है। इस ऐप में कॉमन योग प्रोटोकॉल के आधार पर योग प्रशिक्षण के कर्इ विडियोज दुनिया की अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध होंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि एम-योगा ऐप योग का विस्तार दुनियाभर में करने और वन वर्ड वन हेल्थ के प्रयासों को सफल बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।