देश में पिछले 24 घंटे में 58,097 नए कोविड मामले, 534 की मौत

देश में कोविड के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 58,097 मामले आये हैं और 534 लोगों की मौत हो गयी है। देश में कोविड-19 के मामलों में यह 56 फीसदी की बढ़ौतरी है। जहाँ तक ओमिक्रॉन के मामलों की बात है,  इसके मरीजों की संख्या भी दो हजार से पार निकल गयी है। संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि एक हफ्ते के भीतर छह गुना मामले बढ़ गए हैं।

नए आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 18,466 मामले हैं। वहां मुंबई में कोरोना के 10,860 मरीज मिले हैं। राजधानी दिल्ली में यह आंकड़ा 5,481है। द‍िल्‍ली में कोरोना के अलावा ओम‍िक्रॉन भी अब फ़ैल रहा है। बंगाल में 9,073, कर्नाटक 2,479, तमिलनाडु 2,731, गुजरात 2,265, राजस्थान 1,137, आंध्र प्रदेश 334, बिहार 893, ओडिशा 680, हिमाचल 260, केरल 3,640, पंजाब 1,027, गोवा 592 और तेलंगाना में 1,052 कुल मामले हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की बुधवार सुबह की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश भर में कोविड-19 के मामलों की संख्या में 56 फीसदी की बढ़ौतरी हुए है और कुल नए मामले 58,097 आए हैं। इस दौरान 534 लोगों की मौत हो गई जबकि 15,389 लोग स्वस्थ हुए हैं।

उधर मामले बढ़ने के साथ ही राज्य सरकारों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पंजाब, बिहार, दिल्ली, राजस्थान सहित कई राज्यों ने नए कोविड दिशानिर्देश जारी किये हैं। महाराष्ट्र में आज नई गाइडलाइंस जारी हो सकती हैं। बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद समेत नीतीश केबिनेट के चार मंत्री कोविड पॉजिटिव हैं।