दिल्ली @ ४८ डिग्री

राजधानी में कल मानसून पूर्व की बारिश की सम्भावना

राजधानी दिल्ली में सोमवार को तापमान ४८ डिग्री दर्ज किया गया है। स्काइमेट के मुताबिक १० जून को दिल्ली में कभी इतना तापमान दर्ज नहीं किया गया है। वैसे दिल्ली के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को मानसून पूर्व की बारिश हो सकती है।
मौसम संबंधी निजी पूवार्नुमान एजेंसी स्काइमेट के अनुसार, सोमवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा ४८ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली सहित सहित देश के कई हिस्सों में लू का  ख़तरा बढ़ गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम में पारा रिकॉर्ड ४८ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
बिहार और मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में तापमान ४७ डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। उत्तर भारत में पारा ४५-४६ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मानसून पूर्व बारिश होने की संभावना के साथ लोगों को राहत मिल सकती है।
इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले कुछ दिनों में गुजरात के विभिन्न हिस्सों खासकर तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने का अनुमान है।
विभाग ने कहा कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण १३ और १४  जून को सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को करीब ३१ किमी प्रति घंटा की गति से उत्तर की ओर बढ़ रहा है।