दिल्ली हिंसा में अब तक १८ लोगों की मौत

दिल्ली में ताजा हिंसा की कोइ खबर नहीं है लेकिन जो हिंसा हुई है उसमें अब तक  १८ लोगों की जान जा चुकी है जिनमें एक पुलिस कर्मी भी है। अभी तनाव बना हुआ है। करीब १५० लोग घायल हैं और कई का अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जिनमें कमसे कम १२ की हालत गंभीर बताई गयी है। इस बीच कोर्ट में आधी रात को इस मामले पर सुनवाई हुई है जो आज भी जारी रहेगी। हिंसा पर गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक की जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल भी शामिल हुए हैं।
अभी तक की जानकारी के मुताबिक १८ लोगों की मौत हो जाने की सरकारी स्तर पर पुष्टि की गयी है। करीब १५० लोग घायल हैं और ४४ को गोली लगी है। सुरक्षा बलों की १५ और कंपनियां तनाव वाली जगह भेजी गयी हैं।
इस बीच दिल्ली हिंसा पर कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक इस समय चल रही है। यह बैठक अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में बुलाई गयी है। इसमें तमाम बड़े नेता पहुँच रहे हैं। दिल्ली के चार इलाकों में अभी धारा १४४ लागू है।
सीबीएसई ने मंगलवार को ही १०वीं और १२वीं की परीक्षाएं उत्तर पूर्वी दिल्ली में टाल  दी हैं। इसके लिए केजरीवाल सरकार ने आग्रह किया था। कई जगह मेट्रो बंद हैं जिससे आम लोगों को काफी दिक्क्तें झेलनी पड़ रही हैं।
विभिन्न नेताओं ने लोगों को संयम बरतने और हिंसा से दूर रहने का आग्रह किया है। इस हिंसा का सबसे बड़ा नुक्सान गरीब आदमी का हो रहा है जिसकी रोजी-रोटी फिलहाल बंद हो गयी है।
पुलिस का कहना है कि हालात तनावपूर्ण हैं लेकिन नियंत्रण में हैं। जाफराबाद में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा लिया गया है।  हिंसा पर गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक की जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल भी शामिल हुए हैं।