दिल्ली में यलो अलर्ट घोषित, कर्फ्यू रात 10 बजे से, मॉल मेट्रो-बसों में आधे लोग ही

दिल्ली में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। तीन दिन पहले घोषित रात्रि कर्फ्यू 11 बजे की जगह अब 10 बजे से ही शुरू हो जाएगा और सुबह 5 बजे तक रहेगा। येलो अलर्ट जारी होने के बाद खरीददारी का समय सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा।

दिल्ली में मॉल अब ऑड ईवन के आधार पर खुलेंगे और सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुले रहेंगे। दिल्ली में अगले आदेश तक सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स बंद कर दिए गए हैं।

राजधानी दिल्ली में कोरोना और उसके नए वेरिएंट के बढ़ते मामले को देखते हुए  मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उच्च स्तरीय बैठक के बाद येलो अलर्ट लागू करने का ऐलान किया। बता दें सोमवार को दिल्ली में 300 से भी ज्यादा कोरोना के मामले आए थे जबकि रविवार को दिल्ली में कोरोना के 290 नए मामले सामने आए जबकि एक रोगी की मौत हो गयी।

अब यलो अलर्ट के बाद कंस्ट्रक्शन एक्टिविटी तो जारी रहेंगी लेकिन दिल्ली सरकार के ऑफिस में ए ग्रेड 100 फीसदी स्टाफ को आना होगा, बाकी 50 फीसदी स्टाफ, प्राइवेट ऑफिस में 50 फीसदी स्टाफ, दुकानें ऑड इवन के आधार पर पर सुबह 10 से रात 8 बजे तक खुलेंगी। ऑड ईवन बेस पर मॉल सुबह 10 से रात आठ बजे तक खुलेंगे। हर जोन में 50 प्रतिशत वेंडर के साथ एक वीकली मार्केट ही चलेगी।

रेस्टोरेंट और बार 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगेपब्लिक पार्क खुलेंगे। होटल खुलेंगे। बार्बर शॉप खुलेंगी। सिनेमाघर, थिएटर, बैंक्वेट हाल, जिम, एंटरटेनमेंट पार्क बंद रहेंगे। दिल्ली मेट्रो और बसों में सीटिंग कैपेसिटी के हिसाब से 50 फीसदी लोग सफर करेंगे लेकिन स्टैंडिंग की इजाजत नहीं।

नाइट कर्फ्यू रात दस से सुबह 5 तक रहेगा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बंद, स्विमिंग पूल बंद,  ऑटो, ई रिक्शा में दो सवारी, टैक्सी- कैब, ग्रामीण सेवा, फटफट सेवा में दो सवारी, मैक्सी कैब में 5 सवारी, आरटीवी में 11 सवारी ही रहेंगी।