दिल्ली में मेट्रो, बस यात्रा मुफ्त हुई महिलाओं के लिए

सीएम केजरीवाल का ऐलान, महिला सुरक्षा पर भी फोकस

लोक सभा के हाल के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बाद तीसरे नंबर पर लुढ़की आम आदमी पार्टी ने एक साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी के पहले कदम के रूप में दिल्ली में महिलाओं के लिए मेट्रो और सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का ऐलान किया है। यह योजना अगले २-३ महीने में लागू हो सकती है। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस करके इसका ऐलान किया। इसके अलावा दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी कुछ बड़े फैसले किये गए हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में केजरीवाल ने कहा – ”दिल्ली में महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं।  महिलाओं की सुरक्षा के दो बड़े फैसले किये गए हैं। दिल्ली सरकार दिल्ली मेट्रो और डीटीसी बसों में महिलाओं को किराए से छुटकारा दिलाने के लिए नि:शुल्क यात्रा का फैसला किया है। इससे उन्हें सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। महिलाओं को फ्री यात्रा देने में डीएमआरसी को होने वाले नुकसान की भरपाई दिल्ली सरकार करेगी क्योंकि सरकार लाभ में है और यह पैसा जनता का ही  है।”
मुख्यमंत्री ने कहा – ”सक्षम महिलाएं चाहें तो टिकट खरीद सकती हैं। उन्हें सब्सिडी का इस्तेमाल न करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। दो से तीन महीने के अंदर इसे लागू कर दिया जाएगा।” केजरीवाल ने कहा कि अगले एक साल में चरणवद्ध तरीके से ३००० और बसें डीटीसी बेड़े में जोड़ी जाएंगी।
केजरीवाल ने ऐलान किया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए दो बड़े फैसले किये गए हैं। ”एक तो सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए ढाई साल से कोशिश कर रहे थे। डेढ़ लाख सीसीटीवी लगने का टेंडर दिया था। ७० हजार सीसीटीवी का सर्वे हो चुका है। आठ जून से कैमरे लगेंगे और दिसंबर तक लगने की उम्मीद है।”