दिल्ली में जाम से इंडिगो की १९ उड़ानें रद्द, लखनऊ में हिंसा, वाहन जलाए

नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) के खिलाफ हिंसा और आगजबनी की बड़ी पैमाने पर घटनाएं हुई हैं। दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के कारण लगे जाम के कारण क्रू के एयरपोर्ट न पहुँच पाने से इंडिगो ने अपनी १९ फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। लखनऊ में बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी की घटनाएँ हुई हैं। दर्जनों वाहों को आग के हवाले कर दिया गया है।

दिल्ली में गुरुग्राम और कुछ अन्य जगह विरोध प्रदर्शनों के बाद लगे जाम से जनजीवन ठहर सा गया है। इंडिगो ने क्रू के जाम में फंस जाने और एयरपोर्ट न पहुँच पाने के बाद अपनी १९ उड़ानें रद्द कर दी हैं। स्पाइस जेट एयर एयर इंडिया ने भी अपनी १-१ फ्लाइट रद्द की है। इससे हजारों यात्रियों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ी है।

दिल्ली-एनसीआर में भीषण जाम लग गया है। दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाले महामाया फ्लाईओवर से नोएडा गेट तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।

लखनऊ के परिवर्तन चौक पर जबरदस्त प्रदर्शन हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने यहां पुलिस पर पथराव किया और नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

कुछ जगह पथरबाजी से टीवी चैनलों की ओवी वैन को नुक्सान पहुंचने की भी खबर है। लखनऊ के हसनगंज में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और यहां पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी गई। इसके अलावा पुलिस चौकी में तोड़फोड़ भी हुई है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन स्थल से गिरफ्तार कर लिया है।

लखनऊ में जबरदस्त हिंसा हुयी है। पुलिस थाने और गाड़ियों में आग लगाई गयी है।  एक चौकी को प्रदर्शनकारियों ने फूंक दिया। दर्जनों वाहनों को आग लगा दी गयी है। लखनऊ के हदरा, बेगम हज़रात महल आदि में भी प्रदर्शन और तोड़फोड़ हुई है।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहा है। देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। यूपी पुलिस ने कहा है कि धारा १४४ का उल्लंघन न करें। अभिभावक बच्चों को समझाएं कि किसी भी सम्मेलन का हिस्सा न बने अन्यथा वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आज देश में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। आज सभी नागरिकों में डर है। मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि वह इस कानून को लागू न करे और युवाओं को रोजगार दे।

वामपंथी नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि नागरिकता कानून संविधान के खिलाफ है और हम तब तक विरोध करेंगे जब तक ये वापस नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जिनके पास कागज नहीं हैं वो कहां जाएंगे। दिल्ली में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, सीताराम येचुरी, डी राजा, उमर खालिद समेत कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। सभी नेता नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इससे पहले बेंगलुरु में रामचंद्र गुहा, लालकिला क्षेत्र में योगेंद्र यादव को भी हिरासत में लिए गए हैं।

इस बीच एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, रिलायंस जियो ने दिल्ली में मोबाइल इंटरनेट, कॉलिंग, SMS की सुविधा बंद होने की घोषणा की है। मंडी हाउस, सीलमपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, जामिया नगर, शाहीन बाग, बवाना समेत कई इलाकों में इंटर बंद है।