दिल्ली में इस साल सबसे कम 89 कोरोना मरीज, 11 की मौत

देश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 52,956 मामले सामने आए।  इस साल दिल्ली में अब तक के सबसे कम महज 89 नए मरीज मिले। इसके अलावा पिछले एक दिन में 11 संक्रमितों ने जान गंवाई। इस दौरान 77,967 मरीज ठीक होकर घर लौटे। देशभर में 1,423 संक्रमितों की मौत हुई।

89 दिनों में सबसे कम मरीज पिछले चौबीस घंटे में सामने आए। हालांकि कुछ जिलों में इनकी संख्या बढ़ रही है, जो चिंता का सबब है। इससे पहले 23 मार्च को 47,239 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वर्तमान में 6,97,893 मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में 78 दिनों के बाद यह आंकड़ा 7 लाख से नीचे आया है। इससे पहले 3 अप्रैल को देश में 6 लाख 87 हजार 434 सक्रिय मामले थे।

दस राज्यों में हालात चिंताजनक
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां अब भी जारी हैं। यहां पर संक्रमितों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी हालात चिंताजनक हैं। हालांकि, इसी बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में 20 जून से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया है। देश में महामारी के बीच पाबंदियों को पूरी तरह हटाने वाला यह पहला राज्य बन गया है। तेलंगाना में पहली जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।