दिल्ली मुठभेड़ में २ बदमाश ढेर

दिल्ली पुलिस ने सोमवार तड़के एक मुठभेड़ में दो बदमाशों को ढेर कर दिया। इन बदमाशों पर हत्या सहित कई मामले दर्ज थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान राजा पहलवान उर्फ रफीक और रमेश उर्फ राजू उर्फ बहादुर के रूप में की गयी है। मुठभेड़ तब हुई जब
यह बदमाश मां आनन्दमयी मार्ग तुगलकाबाद के रास्ते ओखला मंडी इलाके की ओर जा रहे थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उन्हें नोटिस किया और जब उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू की तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों को ढेर कर दिया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीमों पर फायरिंग की। टीम बुलेटप्रूफ जैकेट्स और हथियारों के साथ थी, लिहाजा सुरक्षित रही।  बदमाशों ने पुलिस वाहनों पर भी गोलियां दागीं।

मुठभेड़ सुबह पांच बजे के करीब तब हुई जब दोनों बदमाशों को आवाज देकर पुलिस टीम ने सरेंडर करने को कहा। जवाब में पहले तो बदमाश मौके से भागने लगे। उसके बाद उन्होंने पीछे दौड़ रहे पुलिस टीम के सदस्यों पर ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बचाव में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम ने गोलियां चलाईं। दोनों ओर से गोलीबारी में बदमाश गोलियां लगने से जख्मी हो गये। उन्हें पास ही स्थित एक अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

राजा पहलवान विकास कुंज इंद्रपुरी, लोनी, गाजियाबाद का रहने वाला था जबकि उसका दूसरा मारा गया साथी बदमाश रमेश राजू महालक्ष्मी एन्क्लेव, शिव विहार, करावल नगर दिल्ली में रहता था। राजा के खिलाफ गाजियाबाद के लोनी थाने में हत्या के दो मामले दर्ज थे। इसके अलावा उसके खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद के अन्य थानों में भी कई संगीन वारादातों को अंजाम देने के केस दर्ज थे। गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में उसका आतंक था। बीती १२ फरवरी को रात करीब ९ बजे राजा पहलवान और रमेश राजू ने दो पुलिसकर्मियों पर भी गोली चला दी थी। एक प्रापर्टी डीलर पर भी उसी वक्त दोनों ने गोलियां चलाई थीं।