भाजपा के ‘इशारे’ पर लालू को एम्स में भर्ती नहीं किया गया : आरजेडी विधायक

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को अस्वस्थ होने के बाद दिल्ली लाने पर भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के उन्हें कथित रूप से भर्ती नहीं करने का मामला तूल पकड़ गया है। उनकी पार्टी आरजेडी ने आरोप लगाया है कि ‘भाजपा के इशारे पर एम्स में उन्हें भर्ती करने से मना किया गया है।’ लालू को मंगलवार शाम को तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के एम्स लाया गया था और आज तड़के 3 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया।

कहा गया है कि एम्स में लालू (73) को डिस्चार्ज करते हुए उन्हें वापस रिम्स अस्पताल ले जाने की सलाह दी गयी है। वे आज शाम 3 बजे रिम्स पहुँच जाएंगे। उन्हें पिछले कल विशेष विमान (एयर एम्बुलेंस) से दिल्ली लाया गया था। रात 9 बजे उन्हें एम्स के इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, हालांकि, आज वार्ड में न भेजते हुए तड़के 3 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया।

अब इस मामले में आरजेडी के विधायक भाई वीरेंद्र ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पर आरोप लगाया है कि उनके नेता (लालू) को अस्पताल ने भाजपा के दबाव में भर्ती करने से मना किया है।

बता दें मंगलवार को रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के मेडिकल बोर्ड की बैठक में लालू प्रसाद यादव को दिल्ली भेजने का फैसला किया गया था। रिम्स के निदेशक डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने कहा था कि ‘लालू यादव की स्थिति खराब होती जा रही है और उनके हृदय और गुर्दे (किडनी) पर असर हुआ है लिहाजा बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स दिल्ली भेजा जा रहा है। रिम्स बोर्ड ने पाया था कि लालू यादव का क्रिएटिनिन स्तर बढ़ता जा रहा है और वह नियंत्रित नहीं हो पा रहा है।