दिल्ली ईसी ने एमसीडी इलेक्शन के लिए चिन्हित की सीटें, जल्द होगी चुनाव की घोषणा

केंद्र सरकार ने 18 अक्टूबर को एक नोटिफिकेशन जारी किया था जिसमें दिल्ली नगर निगम के वार्डों में परिसीमन का कार्य पूरा होने की बात कही गर्इ थी। राज्य चुनाव आयोग ने आगामी नगर निगम चुनाव (एमसीडी) के लिए आरक्षित सीटें चिन्हित कर ली हैं। और अब राज्य चुनाव आयोग कभी भी एमसीडी चुनावों की घोषणा कर सकते हैं।

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारियों द्वारा संशोधित मतदाता सूची की अंतिम तिथि 1 जनवरी 2022 है इसका मतलब है कि जो लोग 1 जनवरी 2022 तक मतदाता बने वे ही आगामी एमसीडी चुनाव में अपना वोट डाल सकेंगे।

दिल्ली नगर निगम की कुल 250 सीटों में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 42 सीटें चिन्हित की गर्इ है।  और कुल 250 सीटों में से 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। दिल्ली में 1 जनवरी 2022 तक करीब 1.48 करोड़ मतदाता थे। गृह मंत्रालय द्वारा जारी 800 पन्नों के नोटिफिकेशन में कहा गया है कि दिल्ली में नगर निगम के वार्डों की संख्या अब 250 होगी। नगर पालिका के एकीकरण से पहले 70 विधानसभा क्षेत्रों में 272 वार्ड हुआ करते थे।

आपको बता दें, केंद्र सरकार ने मई 2022 में राजधानी के नगर निकायों को मिलाकर एकीकृत दिल्ली नगर निगम बनाया था और दिल्ली के तीनों नगर निगमों का कार्यकाल मई में ही खत्म हो चुका हैं। वहीं दिल्ली में नगर निगम के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच काफी समय से जुबानी जंग चल रही थीं। और आप पार्टी के साथ-साथ कांग्रेस ने भाजपा पर चुनाव को टालने का आरोप लगाया था।