दिग्विजय, सिंधिया जीते : राज्यसभा चुनाव नतीजे

राजस्थान और मध्य प्रदेश की दो-दो राज्यसभा सीटों पर कांग्रेस और भाजपा ने जीत हासिल की है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह जीत गए हैं वहीं तीन महीने पहले कांग्रेस से भाजपा में दलबदल करने वाले ज्योतिरादित्य सिंह भी जीत गए हैं।

राज्यसभा के लिए आज १९ सीटों के लिए मतदान हुआ था। इसके नतीजे आ रहे हैं। राजस्थान की दो सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है, जबकि एक सीट भाजपा के खाते में आई है। राजस्थान में कांग्रेस ने केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को उम्मीदवार बनाया था।

मध्य प्रदेश में राज्यसभा के लिए भाजपा के निर्वाचित उम्मीदवारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रोफेसर सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सबसे अधिक वोटों से चुने गए हैं। दिग्विजय लगातार दूसरी बार मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (एमडीए) के उम्मीदवार डब्ल्यूआर खरलुखी ने मेघालय से कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर राज्यसभा सीट जीत ली है। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों में से एक पर भारतीय जनता पार्टी और एक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कब्जा जमाया है। जेएमएम उम्मीदवार सीबू सोरेन के पक्ष में 30 वोट पड़े जबकि भाजपा उम्मीदवार दीपक प्रकाश को ३१ वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार को 18 वोटों के साथ हार झेलनी पड़ी।

आंध्र प्रदेश में राज्यसभा की सभी चारों सीटों पर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है। कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) के नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा राज्यसभा पहुंच गए हैं। कांग्रेस के सहयोग से ही उनका राज्यसभा पहुंचना संभव हुआ। भाजपा ने भी उनके खिलाफ तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारा। लोकसभा में कांग्रेस के नेता रहे मल्लिकार्जुन खड़गे भी राज्यसभा पहुँच गए हैं। कर्नाटक में बीजेपी के अशोक गस्ती और एक अन्य उम्मीदवार जीते हैं।

अरुणाचल प्रदेश की इकलौती सीट पर बीजेपी उम्मीदवार नबाम रेबिया के खिलाफ किसी और उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया था। उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया।