तकनीकी खराबी के बाद दोहा जा रहे इंडिगो के प्लेन को मुंबई उतारा गया

इंडिगो के एक विमान को शुक्रवार देर शाम तकनीकी खराबी के बाद एहतियातन मुंबई एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। यह प्लेन केरल के कन्नूर से दोहा जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक ऑपरेटिंग क्रू ने प्लेन में तकनीकी समस्या दिखने के बाद आवश्यक रखरखाव के लिए विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया। एयरलाइन प्रवक्ता के मुताबिक एहतियात के तौर पर उड़ान संख्या 6ई-1715 को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया।

इंडिगो ने एक बयान में कहा – ‘तकनीकी समस्या दिखने के बाद विमान को मुंबई में उतारा गया। यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा के लिए एक वैकल्पिक विमान में समायोजित किया गया।’

उधर डीजीसीए के मुताबिक हाइड्रोलिक रिसाव के कारण विमान को डायवर्ट करना पड़ा। प्लेन को मुम्बई में सुरक्षित उतार लिया गया। उन्हें बाद में दूसरे प्लेन से उनके गंतव्य भेजा गया।