डॉक्टर ने की आत्महत्या, आप विधायक के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज

दिल्ली के दुर्गा विहार क्षेत्र में एक डॉक्टर द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक के ख़िलाफ़ नेब सराय थाने में रिपोर्ट दर्ज की गयी है। दरअसल, डॉक्टर के शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें डॉक्टर ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप आम आदमी के विधायक पर लगाया है।
सूत्रों के मुताबिक, 17 अप्रैल की सुबह नेब सराय थाने में एक कॉल आयी कि दुर्गा विहार में एक डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने मौक़े पर देखा कि दुर्गा विहार में रहने वाले 52 वर्षीय डॉक्टर राजेंद्र सिंह ने आत्महत्या कर ली है। डॉक्टर के शव के पास पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल को इसका दोषी बताया गया। इस सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक प्रकाश जारवाल के ख़िलाफ़ डॉक्टर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट में डॉक्टर ने लिखा है- स्थानीय विधायक और उनके साथी उसे लगातार परेशान कर रहे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने विधायक प्रकाश जारवाल और अन्य लोगों के ख़िलाफ़ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टर राजेंद्र सिंह ने 17 अप्रैल की सुबह अपने घर की छत पर फाँसी लगाकर आत्महत्या की। इस घटना की जानकारी उनके एक किरायेदार ने घर वालों को दी उसके बाद पुलिस को फोन से सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच की जा रही है। पुलिस ने रिपोर्ट में मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किये हैं। डॉक्टरों के परिजनों ने विधायक की तरफ़ से पैसे माँगने की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है।