डीडीसी नतीजों में कश्मीर में गुपकार गठबंधन बहुत आगे, जम्मू में भाजपा की बढ़त, कांग्रेस को भी अच्छी सीटें

जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद यानी (डीडीसी) के लिए हुए चुनाव के मतों की गिनती शुरू हो गयी है। अभी (12.45 बजे) तक के रुझानों में 280 में से 174 सीटों के रुझान/नतीजे आए हैं। गुपकार गठबंधन 64 सीटों पर आगे है, जबकि भाजपा 48  सीटों पर आगे चल रही है जिनमें जम्मू में ज्यादा सीटें हैं। कांग्रेस, जिसने इस चुनाव में प्रचार तक नहीं किया था, को भी 19, जेकेएपी 5 और अन्य 38 सीटों पर आगे चल रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता सैफ-उद-दिन सोज ने कहा है कि यदि जरूरत पड़े तो कांग्रेस को गुपकार का समर्थन करना चाहिए।

कुल 2178 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। चुनाव के 8 चरणों में 51.42 फीसदी मतदान हुआ था। रुझानों से जाहिर होता है कि भाजपा ने जम्मू डीडीसी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है, हालांकि कश्मीर में गुपकार गठबंधन को जबरदस्त समर्थन मिला है।

इस बीच कांग्रेस नेता सैफ-उद-दिन सोज ने कहा है कि यदि जरूरत पड़े तो कांग्रेस को गुपकार का समर्थन करना चाहिए। सोज ने कहा कि भाजपा धन दौलत खर्च करके लोगों को फंसाने की कोशिश कर रही है। कहा कि कांग्रेस के सामने गुपकार अलायंस मेन स्ट्रीम पार्टी है,  मेरी निजी राय यही है कि अगर जरूरत पड़ी तो कांग्रेस को गुपकार अलायंस को सपोर्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा – ‘भाजपा के लिए शर्म और शैतानी की बात है जो गुपकार को गैंग कहते हैं, जम्हूरियत हिंदुस्तान में ऐसी हिमाकत की जाए ऐसा झूठ बोला जाए यह गलत है। जो पार्टी वहां इकट्ठा हुई है वह बड़ी पार्टी है, कांग्रेस की पोजीशन अलग है’।

कश्मीर में गुपकार गठबंधन का पलड़ा भारी है। जम्मू संभाग के पहले नतीजे में  कांग्रेस उम्मीदवार ने रियासी सीट पर जीत दर्ज की है। भाजपा कई सीटों पर बढ़त बनाए है। देश की नजर कश्मीर पर है जहाँ गुपकार गठबंधन धारा 370 हटाने का सख्त विरोध कर रहा है। कश्मीर के नतीजे पहले आने की उम्मीद है। हालांकि सभी नतीजे शाम तक ही सामने आ पाएंगे।

उधर कठुआ नगर परिषद के दो वार्डों में हुए उपचुनावों में भाजपा के अनिरूद्ध शर्मा ने वार्ड 7 से विजय हासिल की है। वार्ड नंबर 2 में पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री लाल सिंह के छोटे भाई राजेंद्र सिंह बब्बी ने भाजपा को हराकर जीत हासिल की है। रियासी नगर पॉलिका वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस प्रत्याशी रिपी दुबे ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की संतोष कुमारी को 3 वोट से हराया।