झारखंड में पत्थलगढ़ी समर्थकों ने ७ लोगों की हत्या की

झारखंड में पत्थलगड़ी समर्थकों ने सात लोगों की हत्या कर दी है। जहाँ यह घटना हुई है वह झारखंड के गुदड़ी के बुरुगुलीकेरा का इलाका है। मारे गए लोगों में एक  उपमुखिया भी शामिल है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पत्थलगढ़ी समर्थकों ने पत्थलगढ़ी का विरोध करनेवालों लोगों की एक जंगल में ले जाकर सामूहिक हत्या कर दी। पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के गुलीकेरा ग्राम पंचायत में इस वीभत्स नरसंहार को अंजाम दिया गया है।
देरी से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार देर रात की है। दो ग्रामीण अभी लापता बताये जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक उसे उपमुखिया और छह ग्रामीणों की हत्या की जानकारी मिली है। यह इलाका आतंकवाद से ग्रस्त है और वहां पत्थलगड़ी समर्थक और नक्सली बहुत सक्रिय हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना गुलीकेरा ग्राम पंचायत के बुरुगुलीकेरा गांव की है। मृतकों में उपमुखिया जेम्स बूढ़ और छह ग्रामीण शामिल हैं। मृतकों का शव गांव के पास स्थित जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक पत्थलगढ़ी समर्थकों ने  रविवार को ग्रामीणों के साथ बैठक की थी। इस दौरान पत्थलगढ़ी समर्थक पत्थलगढ़ी का विरोध करनेवाले उपमुखिया जेम्स बूढ़ और छह अन्य लोगों को पीटने लगे। उनके परिजन डरकर वहां से भाग गए। पत्थलगढ़ी समर्थक बूढ़ और अन्य को उठाकर जंगल की ओर ले गए। वापस घर नहीं लौटने पर सोमवार को बूढ़ और अन्य के परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसी दौरान बूढ़ और अन्य की हत्या कर उनका शव जंगल में फेंकने की जानकारी मिली।