जॉर्ज फर्नांडिस का निधन

अपने समय में आंदोलनकारी राजनीति के प्रणेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का निधन हो गया है। सुझारू राजनीतिक माने जाने वाले और वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्री रहे फर्नांडिस ८८ साल की उम्र में स्वाइन फ़्लू के चपेट में आने से जीवन की जंग हार गए।

गौरतलब है कि  फर्नांडिस बहुत आरसे से अस्वस्थ चल रहे थे और उनकी सार्वजनिक गतिविधियां बंद थीं। वह अलजाइमर से पीड़ित थे। मंगलवार को इस बड़े समाजवादी नेता ने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।  फर्नांडिस का बिहार से गहरा रिश्ता था और वे वहीं से चुनाव लड़ते रहे।

इमर्जेंसी के बाद १९७७ के लोक सभा चुनाव में वे पहली गैर कांग्रेसी जनता पार्टी सरकार में उद्योग मंत्री बनाये गए और उन्होंने कोका कोला पर बैन लगा दिया था। वह जनता दल के एक प्रमुख सदस्य थे और बाद में समता पार्टी के संस्थापक बने।

जॉर्ज केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में रक्षामंत्री, संचारमंत्री, उद्योगमंत्री और रेलमंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। उनकी राजनीति की पहचान एक श्रमिक नेता के रूप में बनी और वे १९६७ से लेकर २००४ तक नौ बार सांसद चुने गए। फर्नांडिस के निधन पर पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने संवेदना जताई है।