जाखड़, अमरिंदर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिया भाजपा ने, शेरगिल प्रवक्ता बने

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील झाखड़ और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह को भाजपा ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है। यह दोनों नेता हाल के महीनों में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन दोनों के अलावा कुछ और नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य या विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किया है।

हाल के महीनों में कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वालों में दो सबसे बड़े नाम कैप्टेन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ के रहे हैं। अमरिंदर सिंह ने तो अपनी अलग पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बना ली थी और भाजपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, न तो उनकी पार्टी को कोई सीट मिली न खुद वे अपनी सीट बचा पाए थे।

उधर सुनील जाखड़ ने चुनाव नहीं लड़ा था। कांग्रेस ने चुनाव से कुछ महीने पहले उन्हें हटाकर नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस की जिम्मेवारी सौंपी थी। जाखड़ चुनाव के बाद भाजपा में शामिल हुए थे।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार बताया कि अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह नियुक्तियां की हैं। जाखड़ और कैप्टेन के अलावा उत्तर प्रदेश के नेता स्वतंत्रदेव सिंह को बी ही भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी है।

पार्टी ने पांच अन्य नेताओं मदन कौशिक (उत्तराखंड), विष्णुदेव साय (छत्तीसगढ़), एस राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी (पंजाब), मनोरंजन कालिया (पंजाब) और अमनजोत कौर रामूवालिया (पंजाब) को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित असदस्य बनाया गया है।

भाजपा ने इनके अलावा जयवीर शेरगिल (पंजाब) को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी हैं