जम्मू के रामबन के पास सुरंग का हिस्सा गिरा, 10 लोग भीतर फंसे

जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में गुरुवार देर रात जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह गया है। इस घटना के बाद 10 लोग (निर्माण कंपनी के कर्मचारी) भीतर फंसे हैं जबकि चार घायल हुए हैं।  भीतर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना में एक बुलडोजर और ट्रक साहित काफी वाहन और मशीनें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं।

जानकारी के मुताबिक यह घटना गुरुवार रात की है जब खूनी नाले के पास बनी सुरंग (टनल) का अगली तरफ का एक छोटा हिस्सा ढह गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सेना के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया।

अभी तक की जानकारी के मुताबिक चार लोगों को तो मलबे से बचाकर निकाल लिया गया लेकिन 10 लोग अभी भी सुरंग के भीतर फंसे हैं। बचाये गए चारों लोग घायल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक सुरंग के अगले हिस्से की तरफ खड़े बुलडोजर और ट्रक समेत कई वाहन और मशीनें क्षतिग्रस्त हो गयीं हैं। रामबन के डीसी एम इस्लाम और एसएसपी मोहित शर्मा घटनास्थल पर हैं और बचाव कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। सुरंग में फंसे लोग निरीक्षण का काम कर रही कंपनी के कर्मचारी हैं। घटनास्थल पर  एम्बुलेंस भेजी गयी हैं।