जब भाजपा उम्मीदवार वोट मांगने पहुंच गए ‘आप’ के दफ्तर

दिल्ली के दंगल में 8 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए उम्मीदवार प्रचार के लिए रोजाना नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इससे पहले भाजपा ने जहां शाहीन बाग को अपना प्रमुख मुद्दा बनाया तो कांग्रेस ने बेरोजगारी को नजरअंदाज किये जाने को लेकर भाजपा और आप को कटघरे पर खड़ा किया। वहीं, दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी अपने काम के दम पर वोट मांग रही है। केजरीवाल कहते हैं कि दिल्ली का बेटा और भाई मानते हों तो उसे चुनें।
हम यहां बात कर रहे हैं भाजपा के तेजतर्रार उम्मीदवार तेजिंदर सिंह बग्गा की। बग्गा ने चुनाव प्रचार के लिए अनूठा तरीका अपनाया। उसने समर्थन और वोट मांगने के लिए अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के दफ्तर ही पहुंच गए। हरि नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे बग्गा यहां के चुनावी कार्यालय पहुंचे और आप के कार्यकर्ताओं से समर्थन मांगा। बता दें कि बग्गा कभी अन्ना आंदोलन और आम आदमी पार्टी से भी जुड़े रहे हैं।
इस चुनाव प्रचार का वीडियो सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर तेजिंदर बग्गा ने खुद शेयर किया है। वीडियो में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते और वोट मांगते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कुछ कार्यकर्ताओं को गले लगाया और पैर भी छुएं। हरी नगर से बग्गा का मुकाबला आम आदमी पार्टी के राजकुमार ढिल्लो और कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह सेतिया से है।
बग्गा  का विवादों से भी गहरा नाता रहा है। वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण को थप्पड़ मारने, अरुंधति राय के पुस्तक समारोह को बाधित करने और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर चाय बेचने जैसे ‘चर्चित’ काम कर चुके हैं। उसने राजनीतिक करियर की शुरुआत 16 साल की उम्र में भाजपा के युवा मोर्चा से जुडक़र की थी। बग्गा नई दिल्ली स्थित भगत सिंह क्रांति सेना नामक संगठन के संस्थापक सदस्य भी हैं।