छत्तीसगढ़ में ४ जवान शहीद

नक्सलियों से मुठभेड़ में दो और जवान घायल

छत्तीसगढ़ में गुरूवार को सुरक्षा बलों के ४ जवान एक मुठभेड़ में शहीद हो गए हैं। यह मुठभेड़ नक्सलियों के साथ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुई है।
जानकारी के मुताबिक नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए चारों जवान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हैं। मुठभेड़ में दो जवानों के घायल होने की भी सूचना है।   राज्य पुलिस के मुताबिक कांकेर जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महला गांव के करीब नक्सलियों और सुरक्षा बल के बीच मुठभेड़ में बीएसएफ के जवान शहीद हो गये।
पुलिस के मुताबिक महला स्थित बीएसएफ के शिविर से सुरक्षा बल का दल गश्त पर निकला था जब यह हमला हुआ। इस दल में जिला बल के जवान भी थे। जवान जब कुछ दूरी पर थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। नक्सली गोलीबारी के बाद जवानों ने भी जवाबी करवाई शुरू की। यह गोलीबारी काफी देर तक चली।
कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गये। इसके बाद यह जानकारी मिली कि गोलीबारी में ४ जवान शहीद हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों और शव को बाहर निकाल लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया। अभी तक की जानकारी के मुताबिक नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।