चौकसी ने भारतीय नागरिकता छोड़ी

सरकार के लिए उसे भारत लाना होगा अब मुश्किल

पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को भारत वापस लाने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है क्योंकि चौकसी ने भारतीय पासपोर्ट ”सरेंडर” कर भारत की नागरिकता छोड़ दी है। उसने अब खुद को एंटीगुआ का नागरिक बताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे भारत सरकार की उसे भारत लाने की कोशिशों को झटका लग सकता है। चौकसी ने एंटीगुआ हाई कमीशन में अपना पासपोर्ट जमा करवा दिया है। चोकसी ने अपने पासपोर्ट नंबर जेड ३३९६७३२  को कैंसिल्ड बुक्स के साथ जमा करा दिया है। साथ ही नागरिकता छोड़ने के लिए उसने इसकी फीस १७७ डॉलर भी जमा करवा दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बारे में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित नारंग ने गृह मंत्रालय को सूचना दी है। नागरिकता छोड़ने वाले फॉर्म में चोकसी ने अपना नया पता जौली हार्बर सेंट मार्कस एंटीगुआ बताया है। गौरतलब है कि मंगलवार को ही चौकसी के प्रत्यर्पण मामले पर सुनवाई होनी थी।

जानकारों के मुताबिक मोदी सरकार के लिए मेहुल के भारतीय नागरिकता छोड़ने के बाद अब भारत लाना मुश्किल हो गया है। पीएमओ ने चोकसी के नागरिकता छोड़ने के मामले में विदेश मंत्रालय और जांच एजेंसियों से जानकारी रिपोर्ट मांगी है।