चुनाव में विपक्ष कोइ चुनौती नहीं : मोदी

”अजय भारत, अटल भाजपा”। यह नारा है जो पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में रविवार को दिया। अटल बिहारी वाजपेयी की मृत्यु के बाद भाजपा अटलजी के नाम के प्रति सम्भवता इसलिए भी ज्यादा आकर्षित हुई है क्योंकि देश ने जिस तरह अटल के जाने का दुःख किया वह अभूतपूर्व था। आखिर भाजपा एक राजनीतिक दल है और अटल तो फिर उसके ही नेता थे। एक रोज पहले ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ”अजय भाजपा” का नारा कार्यकारिणी में दिया था और मोदी ने इसमें कुछ फेरबदल कर दिया। जाहिर है भाजपा में अंतिम आवाज मोदी हैं और वैसे भी नारे गढ़ने में उनका कोइ सानी नहीं।

मोदी ने कार्यकारिणी में कांग्रेस और विपक्ष को कमजोर बताया और कहा कि यह चुनाव में उनके लिए कोइ चुनौती ही नहीं है। भाजपा के खिलाफ बन रहे साझे विपक्ष पर हमला करते हुए मोदी ने कहा –  ”महागठबंधन में नेतृत्व का पता नहीं, नीति अस्पष्ट है और नीयत भ्रष्ट है।” जाहिर है मोदी चुनाव

 में भाजपा के बीच तो अपने नेतृत्व के प्रति आश्वस्त हैं हीं, उन्हें यह भी पक्का भरोसा है कि देश में उनके नेतृत्व का कोइ तोड़ नहीं ! मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे अगले लोक सभा चुनाव में ”किसी भी तरह की” चुनौती नहीं देखते। कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष होना जरूरी है लेकिन जो सरकार चलाने में असफल रहें, वे विपक्ष की भूमिका में भी असफल रहे।

बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्तमंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत अनेक मुख्यमंत्री, वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

बैठक के आखिरी दिन कार्यकारिणी बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि 2022 तक देश से जातिवाद, संप्रदायवाद, आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म होगा। प्रस्ताव के मुताबिक केंद्र सरकार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और इसकी वजह से उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ रहा है। एनआरसी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई जिसमें कहा गया कि घुसपैठियों के लिए देश में कोई जगह नहीं है। अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के सिख, बौद्ध, क्रिश्चियन, हिंदू शरणार्थी अगर देश में आते हैं तो उनकी मदद की जाएगी।

इसकी जानकारी वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। उनके मुताबिक प्रस्ताव में  विश्वास जताया गया है कि न्यू-इंडिया का सपना पूरा होकर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ नकारात्मकता की राजनीति में जुटा है।

जावड़ेकर ने बताया कि चार साल पहले एक कमजोर अपारदर्शी और पूर्णतः पूंजीवादी अर्थव्यवस्था विरासत में मिली थी जिसे मोदी सरकार ने सुधारों के जरिये मजबूत अर्थव्यवस्था में बदल दिया है। सुरक्षा के मोर्चे पर भी देश मजबूत हुआ है और जम्मू कश्मीर में सख्त कदम उठाने से आतंकवाद कमजोर हुआ है।