चीन ने माना अरुणाचल के पांच युवक उसके पास, केंद्रीय मंत्री रिजिजू बोले वापस लाया जाएगा

अरुणाचल प्रदेश से पिछले दिनों लापता हुए पांच भारतीय चीन में मिले हैं। अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी सार्वजनिक की थी और आशंका जताई थी कि चीन सेना ने उनका अपहरण किया हो सकता है। अब  यह बात सच निकली है और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार शाम कहा कि चीनी सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि अरुणाचल प्रदेश से लापता 5 युवक उनके पास हैं।

रिजिजू ने एक ट्वीट में इस जानकारी को साझा किया है। उन्होंने कहा कि चीनी सेना पीएलए ने भारतीय सेना की ओर से हॉटलाइन पर भेजे गए संदेश का जवाब दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि लापता युवक उनके इलाके में पाए गए हैं। युवकों को भारत को सौंपने के लिए प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है।

कांग्रेस विधायक एरिंग ने इस जानकारी वाले अपने ट्वीट में पीएमओ को भी टैग किया था। ट्वीट में विधायक ने कहा था कि उनकी जानकारी के मुताबिक अरुणाचल के सुबनसिरी जिले के पांच लोगों को अगवा किया गया है। उन्होंने भारत सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की थी।

कांग्रेस विधायक के ट्वीट के बाद देश भर में इसे लेकर चिंता जताई गयी थी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी 5 राज्य निवासियों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि भारतीय सेना ने रविवार को अपने पीएलए के समकक्ष को हॉटलाइन संदेश भेजा था। अब उसका जबाव आ गया है और यह 5 लोग चीन के पास है और इन्हें वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। यह सभी भारतीय कब स्वदेश लौटेंगे, इसकी जानकारी अभी नहीं है।