चीन के बाद ईरान में कोरोना का कहर

वैश्विक स्वास्थ्य महामारी घोषित हो चुके कोरोना वायरस का कहर जारी है। एक ओर, जहां चीन में संक्रमण के नए मामलों में तेजी से कमी आ रही है तो दूसरे आसपास के देशों में यह तेजी से पांव पसार रहा है। चीन के बाद सबसे ज्यादा असर पड़ोसी ईरान में देखने को मिल रहा है। यहां के उपराष्ट्रपति, स्वास्थ्य मंत्री और कई आला अफसर भी इस जानलेवा वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, पूरी दुनिया में 50 से अधिक देशों में यह वायरस पैर पसार चुका है। इससे करीब 3000 लोगों की जान चुकी है। एक लाख के करीब लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं।

ईरान में एकदम में इसके मामलों में इजाफा हुआ है। शुक्रवार देर रात की खबर के अनुसार यहां एक ही दिन में 100 से अधिक लोगों की मौत इस वायरस के चलते हुई। इससे पहले मृतकों की संख्या जहां 34 बताई जा रही थी, वहीं यह अचानक से 200 को पार कर गई। सऊदी अरब ने भी खतरे को देखते हुए धार्मिक यात्रा उमरा पर रोक लगा दी है।

चीन में महामारी बने कोरोना वायरस की चपेट में दक्षिण कोरिया भी आ गया है। दक्षिण कोरिया में 594 नए मामले सामने आए हैं। इस देश में पॉजिटिव केस के मरीजों का आंकड़ा करीब 3000 पहुंच गया है। दक्षिण कोरिया में कोरना वायरस फैलने के बाद अब चीन भी मदद को आगे आया है।

चीन का मानना है कि जापान और दक्षिण कोरिया अच्छे पड़ोसी देश हैं। दक्षिण कोरिया और जापान के इस वायरस से फैल रही महामारी के संघर्ष में चीन सहयोग करेगा। इसके अलावा चीन के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके वुहान से 100 से अधिक भारतीयों को वापस भारत लाया गया है। साथ ही जापान के क्रूज में फंसे 100 से ज्यादा भारतीयों को यहां लाकर 14 दिन की निगरानी में रखा गया है।