चीन के तीन यात्री अंतरिक्ष स्टेशन पर रेकार्ड छह महीने बिताकर धरती पर लौटे

चीन के यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन पर 6 महीने रहने का रेकॉर्ड बना दिया है। उसके तीन यात्री अंतरिक्ष स्टेशन में छह महीने रहने के बाद शनिवार सुबह धरती पर वापस लौट आये। उनके अंतरिक्ष यान शेनझोउ-13 ने केवल आठ घंटे में पृथ्वी पर वापसी की।

चीन की ‘ग्लोबल टाइम्स’ अखबार के मुताबिक यह सभी यात्री स्वस्थ हैं। यह तीन अंतरिक्ष यात्री चीन के नए अंतरिक्ष स्टेशन पर रेकॉर्ड छह महीने बिताने के बाद शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार 9.56 बजे सफलतापूर्वक धरती पर वापस उतर गए। अखबार ने बताया कि शेनझोउ-13 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान मिशन पूरी तरह से सफल रहा है।

अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक अंतरिक्ष यात्रियों ने तियानगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर छह महीने का समय बिताया। इस मिशन के यात्रियों ने शेनझोउ-12 के 92 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के अलावा, इस मिशन ने देश के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन इतिहास में कई और रिकॉर्ड भी बनाए हैं।

उधर शेनझोउ अंतरिक्ष यान को बनाने वाली ‘चाइना अकेडमी ऑफ स्पेसक्राफ्ट टेक्नोलॉजी’ (सीएएसटी) के एक बयान में कहा गया है कि शेनझोउ-13 मिशन ने पहली बार आपातकालीन मिशन तंत्र की खोज की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शेनझोउ-13 और लॉन्ग मार्च-2एफ वाई13 के प्रक्षेपण के ठीक बाद शेनझोउ-14 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान और लॉन्ग मार्च-2एफ वाई14 रॉकेट को प्रक्षेपण के लिए तैयार रखा गया था, ताकि अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर लौटने से रोकने वाली कोई भी खराबी होने पर शेनझोउ-13 के अंतरिक्ष यात्रियों के लिए बचाव कार्य किया जा सके।