चंद्रयान-२ के मॉड्यूल से अलग हुआ लैंडर विक्रम

सोमवार का दिन भारत के लिए बड़ी अच्छी खबर लेकर आया जब चंद्रयान-२ चांद के और करीब पहुँच गया। दोपहर करीब १.३५ बजे चंद्रयान-२ के मॉड्यूल से लैंडर विक्रम निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक अलग हो गया। इसरो ने ट्वीट करके देश को इसकी जानकारी दी है।

इसरो ने ट्ववीट में कहा – ”भारतीय समयानुसार आज लैंडर विक्रम दिन में करीब १.३५ बजे सफलतापूर्वक अलग हो गया। यह एक तरह से मायके से ससुराल के लिए रवाना होने जैसा है।” अच्छी बात यह भी है कि वैज्ञानिकों ने लैंडर विक्रम के अलग होने के लिए जो समय निर्धारित किया था, उसी वक्त पर सफलतापूर्वक यह हुआ। शनिवार को ही इसरो वैज्ञानिकों की उच्‍च स्‍तरीय बैठक हुई थी।

इस तरह चंद्रयान-२ अब चंद्रमा की पांचवीं कक्षा में प्रवेश कर गया है। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी (इसरो) के मुताबिक, आज दोपहर में लैंडर विक्रम अलग हो गया। भारत के मिशन चंद्रयान की तारीफ देश-विदेश में हो चुकी है।

कार्यक्रम के मुताबिक अब ३ सितम्बर को ९ से १० बजे के बीच डी-ऑर्बिट#१ और ४ सितम्बर को ३ से ४ बजे के बीच डी-आर्बिट#२ के होने बाद ७ सितम्बर को पावर डेसेन्ट के बाद चंद्रयान-२ चाँद के साउथ पोल के पास लैंड करेगा। देश ही नहीं दुनिया के लिए भी यह एक ऐतिहासिक अवसर होगा।