गोआ में २ कांग्रेस विधायक भाजपा में

भाजपा ने गोआ में दलबदल के जरिये अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कांग्रेस के दो विधायकों को अपने पाले में कर लिया है। दिल्ली में इन दो कांग्रेस विधायकों ने खुद के जल्द भाजपा में शामिल होने की बात कबूल की है। माना जाता है की भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के प्रयास से यह लोग भाजपा में गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली में शाह से मिलने के बाद अभी तक कांग्रेस विधायक सुभाष शिरोडकर ने कहा – ”हम आज भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों दो से तीन और विधायक हमारे साथ आ सकते हैं”। इससे पहले कांग्रेस के दो विधायक दयानंद सोप्ते और सुभाष शिरोडकर सोमवार की देर रात पणजी से दिल्ली के लिए निकले थे और उसी समय से कयास लग रहे थे कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को दावा किया था कि गोआ के कुछ कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। इस समय गोआ में कांग्रेस के १६ विधायक हैं लेकिन अब पार्टी की स्थिति कमजोर हो गयी है। दोनों विधायकों के पार्टी से अलग होते की उसकी विधानसभा में सदस्य संख्या घटकर १४ हो जाएगी। वहीं, भाजपा जिसने चुनाव में १४ सीटें जीती थीं के पास गोवा में अब १६   विधायक हो जायेंगे।

दिलचस्प है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ए चेल्लाकुमार ने दावा किया था कि गोवा की भाजपा सरकार में मंत्री विश्वजीत राणे अगले साल लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में सत्ताधारी गठबंधन को तोड़कर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे हालांकि राणे ने इस दावे को झूठा बताया है। इस तरह अब गोआ में भाजपा सरकार के लिए किसी भी तरह के खतरे से निपटने का इंतजाम भाजपा अध्यक्ष शाह ने कर लिया है।