गोंडा के मंदिर में पुजारी को गोली मारी, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक पुजारी को गोली मार दी गई जिसके बाद उसकी हालत गंभीर है। राम जानकी मंदिर के पुजारी सम्राट दास को शनिवार रात गोली मारी गयी। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

राजस्थान में ऐसी ही एक घटना के बाद अब यूपी में पुजारी पर हमले की यह घटना हुई है। घटना गोंडा के इटियाथोक थाने के तहत तिर्रे मनोरमा गाँव की है। श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी को शनिवार की रात लगभग दो बजे गोली मार दी गई। गोली लगने से पुजारी अतुल बाबा उर्फ सम्राट दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक सम्राट दास राम जानकी मंदिर तिर्रे मनोरमा में पूजा पाठ करते हैं और विगत दो साल से मंदिर पर रहते हैं। शनिवार को रात को लगभग दो बजे कुछ लोगों ने मंदिर परिसर में आकर गोली मार दी। मंदिर के पुजारी सीताराम दास ने चार लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।

चार आरोपियों के खिलाफ धारा हत्या के प्रयास में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है  और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मंदिर से संबंधित भूमि का विवाद भी चल रहा है। घटना के पीछे भू-माफियाओं का हाथ बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना के मामलें में फिलहाल दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि वह नहीं कर रही है।