गुजरात में नमक कारखाने की दीवार गिरने से 12 की मौत

गुजरात के मोरबी जिले में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से हुए हादसे में 12 लोगों की मौत हो गयी है। हलवद में हुए इस हादसे में हुए इस हादसे में मरने वालों में  पांच महिलाएं भी शामिल हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुःख जताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दीवार गिरने से मलबे में 30 मजदूर दब गए थे। हादसे के बाद शुरू हुए राहत और बचाव कार्य में घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। शव भी इसी से निकाले गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है।

घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई गयी है। ख़बरों में बताया गया है कि  हलवद में स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में यह दीवार ढही। उस समय वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। कुछ मजदूरों के बच्चे भी वहां थे। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है।

हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा – ‘मोरबी में दीवार गिरने की घटना काफी दुख पहुंचाने वाली है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना है। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।’

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मृतकों के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। घायलों को 50-50 हजार रुपए और उनका पूरा इलाज मुफ्त करवाए जाने की भी घोषणा की है। पीएम ने भी मृतकों को 2-2 लाख देने की घोषणा की है।