गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का कोरोना से चेन्नई में निधन

दिग्गज गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का शुक्रवार दोपहर चेन्नई में निधन हो गया। वे कोरोना से पीड़ित हो गए थे, और फिर उससे बाहर नहीं आ सके। उनकी आयु  74 साल थी। कई बेहतरीन गाने उनके खाते में हैं।

बालासुब्रमण्यम कोरोना से काफी दिन से जंग लड़ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। लेकिन शुक्रवार उन्होंने चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें 5 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद वह एमजीएम अस्पताल में भर्ती हो गए थे। वैसे उन्हें कोरोना के बहुत कम लक्षण थे इसके बावजूद उन्होंने एहतियातन अस्पताल में भर्ती होने का फैसला किया था। बाद में उनकी समस्याएं बढ़ गयी थीं।

दो दिन पहले अस्पताल की तरफ से सूचना आई थी कि बालासुब्रमण्यम की हालत बहुत नाजुक हो गयी है। इसके बाद उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर और ईसीएमओ सपोर्ट पर रखा गया था। अभिनेता कमल हासन भी उनसे मिलने एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने बताया था कि गायक की हालत बहुत नाजुक है।

बालासुब्रमण्यम के नाम कई बेहतरीन गाने हैं। उनके निधन से बॉलीवुड सदमे में है। अपने करियर में 5 से ज्यादा भाषाओं में 40 हजार से ज्यादा गाने उन्होंने गाए। तेलुगु, तमिल, कन्नड़, हिंदी और मलयालम भाषा में उनके कई बेहतरीन गीत हैं। कहा जाता है कि एक समय सुब्रमण्यम इतने व्यस्त थे कि वह करीब 12 घंटे में 17 गाने गा लेते थे। यही नहीं उनके नाम सबसे ज्यादा गाना गाने का रिकॉर्ड दर्ज है और नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल है। कई जानी मानी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।