गर्भवती हथिनी का कसूर इतना…कि उसने इंसानों पर भरोसा किया

किस तरह किसी इंसान का दिल इस बात को राजी हो सकता है कि किसी बेजुबान को इतनी बेरहमी से मरने को मजबूर कर दे। अगर कहीं जानवरों का भरोसा इंसानों से उठ गया तो आने वाला समय क्या होगा, उससे भगवान ही बचाए। जी हां, हम बात कर रहे हैं केरल में गर्भवती हथिनी के साथ इंसानों की ओर से की गई हैवानियत की।
क्या उस हथिनी का कसूर महज इतना था कि उसने इंसानों पर भरोसा किया। इससे पहले भी पता नहीं उसने कितनी लोगों के हाथों से फल और अन्य चीजों का स्वाद चखा होगा। भूखी हथिनी भटककर 27 मई को इंसानों की बस्ती में आ गई थी। तब कुछ हैवान किस्म के शरारती लोगों ने उसे अनानास के अंदर पटाखे भर कर खिलाए जो उस भारी भरकम बेजुबान के लिए आखिरी निवाला साबित हुआ।
गर्भवती हथिनी ने जैसे ही मुंह में विस्फोटक भरा अनानास डाला तो वह फट गया। इसके बावजूद उसने किसी इंसान को नुकसान नहीं पहुंचाया। बेचारी सीधे जाकर पानी में चली गई।
पटाखे मुंह में फटने से मुंह और जीभ बुरी तरह से जख्मी हो गए। असहनीय दर्द के कारण वह कुछ खा नहीं पा रही थी। पेट में पल रहे बच्चे को भी कुछ नहीं मिल पा रहा था। तीन दिन तक तड़प-तड़पकर केरल के मल्लापुरम में हथिनी के गर्भ में पल रहे बच्चे समेत आखिर दम तोड़ दिया।जैसे ही वन अधिकारियों के जरिये इसकी खबर पहुंची तो हथिनी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। हर दिल रखने वाले शख्स ने ऐसे हैवानों से सख्ती से निपटने की वकालत की है। पशुप्रेमियों के अलावा आम लोग भी उस गर्भवती हथिनी के प्रति हमदर्दी जता रहे हैं। आखिर उसका दोष क्या था? क्या जिन लोगों ने ऐस जुर्रत की उनके पास दिल नहीं था। आखिर इतना इंसान बेरहम कैसे हो सकता है?

बाॅलीवुड की कई अभिनेत्रियां भी हथिनी के समर्थन में सामने आई हैं। इनमें श्रद्धा कपूर, अनुष्का शर्मा, अथिया शेट्टी खुलकर सामने आई हैं और ट्विटर पर ऐसे हैवानों से सख्ती से निपटने की बात कही है। आखिर इंसान बेदिल होता जा रहा है। ऐसे लोगों से बेहद सख्ती से निपटने की जरूरत है। इस बाबत सख्त कानून भी बनाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हिमाकत न कर सके।