गन कल्चर : तीन साल के बच्चे ने आठ माह के भाई को मारी गोली

11 सितंबर 2001 में अमेरिका में हुए आतंकी हमले के बाद से वहां के लोगों में दहशत और खौफ ने जो दिलोदिमाग में घुसपैठ की है, उसकी गूंज समय-समय पर दिखाई देती रहती है। हर अमेरिकी अपने आपको असुरक्षित महसूस करता है। इसके बाद से वहां पर गन कल्चर शुरू हो गया। तकरीबन हर घर में यहां तक कि बच्चे भी गन लेकर चलते हैं। अक्सर स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं होना अमेरिका में आम हो गया है। लेकिन अब इसकी चपेट में मासूम भी आने लगे हैं। ताजा मामला अमेरिका के ह्यूस्टन शहर का है, जहां पर एक तीन के बच्चे ने अपने आठ माह के भाई पर गोली चला दी और उसकी मौत हो गई। में अमेरिकी
2008 की आर्थिक मंदी के बाद लोग और ज्यादा असुरक्षित महसूस करने लगे। इसके बाद हथियारों के लाइसेंस बेहद तेजी से बढ़े और घर-घर में बंदूकें पहुंच गईं। लूटमार की घटनाएं और घृणा के मामलों में भी इजाफा देखा गया। ह्यूस्टन में हुई शुक्रवार को हुई ताजा घटना ने लोगों को गन कल्चर पर पुनिर्वचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।
पुलिस का मानना है कि बच्चे के तीन साल के बड़े भाई को पिस्टल मिल गई और उसने छोटे भाई पर चला दी। मासूम को पेट में गोली लगी। परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने हथियारों को घर में ऐसी जगह पर रखें जहां बच्चे न पहुंच सकें। कृपया इस परिवार के लिए दुआ कीजिए। यह बहुत दुखदाई घटना है। जांचकर्ताओं को शुरुआत में घटना में इस्तेमाल बंदूक नहीं मिली, लेकिन बाद में उस वाहन के अंदर से उसे बरामद कर लिया गया जिसमें परिवार के सदस्य बच्चे को अस्पताल लेकर गए थे।
पुलिस अब इस मामले में इस बात की तफ्तीश कर रही है कि मासूम बच्चे पर कोई आरोप लगाया जाएगा या नहीं। अभी तक पुलिस ने बच्चे के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। दरअसल, इतने छोटे बच्चे के खिलाफ किस कानून के अनुसार केस दर्ज किया जाए पुलिस इसी पर माथापच्ची कर रही है।
बता दें कि अमेरिका में गन कल्चर हर साल हजारों लोगों की मौत का कारण बनता है। 2021 में अमेरिका में अबतक फायरिंग के मामलों में 450 लोगों की मौत हो चुकी है। स्माल आर्म्स सर्वे के मुताबिक अमेरिका में 100 में से 88 अमेरिकी नागरिकों के पास हथियार हैं। जो साल दर साल तेजी से बढ़ रहा है। कई ऐसे लोग हैं जिनके पास एक से ज्यादा बंदूक हैं। अमेरिका में छोटा हथियार खरीदने की न्यूनतम उम्र 18 साल है।