गणतंत्र दिवस : पहली बार महिला लड़ाकू पायलट भावना कंठ भरेंगी उड़ान

गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को  पहली बार राजधानी नई दिल्ली में राजपथ पर देश की पहली महिला फाइटर पायलट भावना कंठ उड़ान भरेंगी। देश के सबसे गौरवशाली आयोजन में हिस्सा लेने वाली वह वायुसेना की पहली महिला लड़ाकू पायलट होंगी। इस बार की परेड इसलिए भी खास होगी, क्योंकि फ्रांस से पहुंचे लड़ाकू विमान राफेल भी इसमें अपने करतब दिखाते नज़र आएंगे।
भावना कंठ 2018 में देश की पहली लड़ाकू विमान पायलट के तौर पर वायुसेना में शामिल हुईं थीं। 2019 में ही उनकी ट्रेनिंग का पहला चरण पूरा हुआ, जिसके बाद वह दिन के युद्ध में दक्ष हो गईं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भावना कंठ को नारी शक्ति पुरस्कार से नवाजा था। बिहार से ताल्लुक रखने वाली भावना ने अपनी भावना व्यक्त कर कहा कि अब तक टीवी पर ही गणतंत्र दिवस परेड देखती आई हूं। इस बार खुद उसका हिस्सा होना मेरे लिए बड़े फख्र की बात है। मैं अभी मिग 21 बाइसन उड़ाती हूं, आगे सभी तरह के लड़ाकू विमान उड़ाने की चाहत है।