क्रिकेटर, कमेंटेटर डीन जोन्स का दिल के दौरा से मुंबई में निधन

मस्तमौला इंसान और लाजवाब क्रिकेट खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के डीन जोन्स का निधन हो गया है। वे आईपीएल मैचों में स्टार स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री कर रहे थे और मुंबई में थे। उनको आज शाम अचानक दिल का दौरा पड़ा। उनकी उम्र अभी 59 साल ही थी।

उनकी गिनती ऑस्ट्रेलियाई के महान क्रिकेटर में होती थी और वे एक शानदार  कॉमेंटेटर भी थे। डीन इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र को लेकर स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम से जुड़े थे और मुंबई में थे, जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा।

इस बार कोरोना के कारण मैच यूएई में हो रहे हैं। आईपीएल का आज छठा मैच कुछ देर बाद आरसीबी और किंग्स इलेवन पंजाब में है और उससे पहले यह दुखद खबर आई है। एक कमेंटेटर के नाते उन्हें काफी पसंद किया जाता था और वे बहुत मस्तमौला भी थे।

खिलाड़ी के रूप में रिटायरमेंट के बाद ही वे कमेंट्री से जुड़ गए थे। सफल कमेंटेटर के रूप में उनकी पहचान थी। जोन्स अंग्रेजी कमेंट्री पैनल में ब्रेट ली, ब्रायन लारा, ग्रीम स्वान और स्कॉट स्टायरिस की मुंबई से कमेंट्री कर रही टीम का हिस्सा थे।

उनकी मृत्यु की सूचना देते हुए स्टार स्पोर्ट्स ने कहा – ‘बेहद दुख के साथ हम डीन मर्विन जोन्स एएम के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर करते हैं और इस मुश्किल समय में उनके सहयोग के लिए तैयार हैं। जरूरी इंतजाम करने के लिए हम ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के संपर्क में हैं।’

उन्हें खेल के महान दूतों में से एक बताते हुए ब्रॉडकास्टर में कहा – ‘वह दक्षिण एशिया में क्रिकेट के विकास से जुड़े रहे। वह नई प्रतिभा को खोजने और युवा क्रिकेटरों को तराशने को लेकर जुनूनी थे। वह चैंपियन कॉमेंटेटर थे जिनकी मौजूदगी और खेल को पेश करने का तरीका हमेशा प्रशंसकों को खुशी देता था। स्टार और दुनियाभर में उनके लाखों प्रशंसकों को उनकी कमी खलेगी। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं।’

एक खिलाड़ी के रूप में जोन्स ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 52 टेस्ट और 164 वनडे खेले। उनके नाम टेस्ट में 11 और वनडे में 7 शतक हैं। बहुत से खिलाड़ियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।