कोविड-19 : सबसे ज्यादा 66,999 मामले सामने आए, अब तक 47,033 की मौत

देश में गुरुवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा  66,999 मामले सामने आये हैं। देश में इस महामारी से मरने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ते हुए  47,033 पहुँच गयी है जबकि अच्छी खबर यह है कि रिकवरी रेट कुछ बेहतर होकर 70.76 प्रतिशत हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से गुरुवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की अब तक की संख्या 23,96,637 हो गई है। पिछले 24 घंटे में (बुधवार सुबह 8 से गुरुवार सुबह 8 बजे के बीच) कोरोना के 66,999 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इस दौरान 942 कोविड-19 संक्रमितों की जान भी चली गयी।
अब तक देश भर में 16,95,982 मरीज ठीक हो चुके हैं और कुल 47,033 लोगों की जान गई है। रिकवरी रेट कुछ बढ़ोतरी के बाद 70.76 प्रतिशत हो गया है जबकि  पॉजिटिविटी रेट 8.06 प्रतिशत है। देश भर में अब तक 2,68,45,688 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
पिछले 24 घंटे में जिन पांच राज्यों में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं, इनमें महाराष्ट्र में 12,712), आंध्र प्रदेश में 9597, कर्नाटक में 7883, तमिलनाड में 5871और उत्तर प्रदेश में 4475 मामले हैं, जबकि इस दौरान महाराष्ट्र में 344,  तमिलनाड 119, कर्नाटक 112, आंध्र प्रदेश 93 और उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 54-54 लोगों की मौत हुई है।
उधर दुनियाभर में नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक 2.6 करोड़ से ज्यादा लोग कोविड-19 के संक्रमण की चपेट में हैं। अब तक दुनिया भर में वायरस ने 7.49 से ज्यादा लोगों की ज़िंदगी लील ली है।